मोतिहारी | अनुमंडल पदाधिकारी, अरेराज अरुण कुमार द्वारा बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, मोतिहारी के अंतर्गत चंपारण तटबंध एवं पूछरिया ग्राम में चल रहे कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, बाढ़ प्रमंडल मोतिहारी ने जानकारी दी कि चंपारण तटबंध के किलोमीटर 103 के समीप, नदी तट पर बसे पूछरिया गांव को बचाने के लिए एजेंडा के तहत कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत 700 मीटर की लंबाई में कार्य होना है, जिसमें बोल्डर और गेबियन का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कार्य प्रगति पर है।
इसके अतिरिक्त, चंपारण तटबंध के किलोमीटर 103 के समीप नदी पार स्थित पूछरिया गांव के विपरीत दिशा में बने सोल (रेत के टीले/अवरोध) को हटाने का कार्य एजेंडा संख्या 222/18/2025 के तहत किया गया है। इस कार्य के अंतर्गत 2010 मीटर की लंबाई और औसतन 50 मीटर की चौड़ाई में सोल हटाया गया है। यह कार्य पूर्ण हो चुका है। इस कार्य के संपन्न होने से पूछरिया गांव पर गंडक नदी के जल प्रवाह का दबाव कम हो जाएगा।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसकी सतत निगरानी एवं चौकसी की जा रही है।
निरीक्षण के समय बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी संग्रामपुर, अंचल अधिकारी संग्रामपुर सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
— Reported by Amit Ranjan